सुकमा | छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. आरके सिंह पर एक वार्ड आया ने गंभीर आरोप लगाए हैं। वार्ड आया ने कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया है कि डॉ. सिंह ने उसके साथ अनुचित व्यवहार किया। मामले के सामने आने के बाद जिला प्रशासन स्तर पर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
शिकायत पत्र में वार्ड आया ने बताया है कि वह कोंटा ब्लॉक के एक अंदरूनी क्षेत्र स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ है। 21 फरवरी 2025 को उसे CMHO कार्यालय के अंतर्गत अन्य कार्यों के लिए आदेशित किया गया था। इसी दौरान वह CMHO डॉ. आरके सिंह के निवास पर खाना बनाने का कार्य भी कर रही थी। महिला का आरोप है कि अकेला पाकर उसका हाथ पकड़ना, गले लगाना और डबल मीनिंग बातें करने जैसा व्यवहार किया गया, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गई।
वार्ड आया ने शिकायत में यह भी लिखा है कि इस कथित व्यवहार से वह तंग आ चुकी है और उसने कलेक्टर से गुहार लगाई है कि उसे उसके मूल पदस्थापना स्थल पर वापस भेजा जाए। महिला द्वारा यह लिखित शिकायत 11 दिसंबर को कलेक्टर को सौंपी गई थी, जो अब सार्वजनिक रूप से सामने आई है।
CMHO ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं, CMHO डॉ. आरके सिंह ने वार्ड आया द्वारा लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं की है। डॉ. सिंह का कहना है कि मामले की जांच चल रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद सच्चाई स्पष्ट हो जाएगी। उन्होंने कहा, “दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।”
फिलहाल यह मामला जांच के अधीन है। जिला प्रशासन द्वारा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
