टेक ऑफ के कुछ देर बाद लौटी एअर इंडिया की फ्लाइट, तकनीकी खराबी के चलते दिल्ली में कराई गई लैंडिंग

दिल्ली से मुंबई जा रही एअर इंडिया की एक फ्लाइट को टेक ऑफ के कुछ ही देर बाद वापस दिल्ली लौटना पड़ा। एयरलाइन कंपनी के अनुसार, उड़ान के दौरान विमान में तकनीकी समस्या सामने आई, जिसके बाद सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए विमान की आपात नहीं बल्कि एहतियातन लैंडिंग कराई गई।

AI887 फ्लाइट में आई तकनीकी दिक्कत

जानकारी के मुताबिक, सोमवार को दिल्ली से मुंबई रवाना हुई एअर इंडिया की फ्लाइट AI887 ने उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही तकनीकी समस्या की सूचना दी। इसके बाद पायलट ने स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) का पालन करते हुए विमान को वापस दिल्ली लाने का निर्णय लिया।

सभी यात्री और क्रू सुरक्षित

एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित हैं। लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से विमान से उतार लिया गया है।

यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था

एयरलाइन कंपनी की ओर से बताया गया कि यात्रियों की आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। तकनीकी टीम द्वारा विमान की जांच की जा रही है।