कलिंगा यूनिवर्सिटी की चौथी मंजिल से गिरने से विदेशी छात्र की मौत, हत्या की आशंका

रायपुर। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र स्थित कलिंगा यूनिवर्सिटी परिसर में मंगलवार को एक विदेशी छात्र की चौथी मंजिल से गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सैम, निवासी लाइबेरिया के रूप में हुई है, जो कलिंगा यूनिवर्सिटी में एमबीए सेकेंड ईयर का छात्र था। मामले में छात्रा और उसके बॉयफ्रेंड पर जानबूझकर नीचे फेंकने का आरोप लगा है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को कलिंगा यूनिवर्सिटी की चार मंजिला इमारत से सैम नीचे गिर गया। गंभीर हालत में पड़े छात्र को देखा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक सैम और विदेशी मूल की एक छात्रा के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी दौरान छात्रा का बॉयफ्रेंड भी मौके पर पहुंच गया। विवाद बढ़ने के बाद सैम चौथी मंजिल से नीचे गिर गया। पुलिस को आशंका है कि सैम को जानबूझकर छत से नीचे फेंका गया।
इस मामले में पुलिस ने साउथ सूडान निवासी नोई कोंडेट और उसकी गर्लफ्रेंड फेथ को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार इस घटना में कुल चार लोगों की संलिप्तता सामने आई है। इनमें से दो आरोपी घटना के बाद भिलाई में सरेंडर कर चुके हैं, जिन्हें लेने के लिए रायपुर पुलिस की टीम रवाना हो गई है।
थाना प्रभारी आशीष यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मौत की वजह ऊंचाई से गिरना सामने आई है। यह हादसा है या हत्या, इसकी गहन जांच की जा रही है। छात्रों के बयान, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा।
घटना के बाद कलिंगा यूनिवर्सिटी परिसर में दहशत का माहौल है। विदेशी छात्रों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन से भी पूछताछ शुरू कर दी है।