रायपुर में डेयरी कर्मचारी की हत्या, शराब के दौरान विवाद में चाकू-रॉड से हमला

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कचना इलाके में स्थित साहू दूध डेयरी में काम करने वाले दो कर्मचारियों के बीच हुई खूनी झड़प में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान दुर्गेश धृतलहरे के रूप में हुई है, जबकि हत्या के आरोपी का नाम सन्नी साहू बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को मेकाहारा अस्पताल से पकड़ लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

पंडरी थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार (23 दिसंबर) की रात करीब 1 बजे साहू दूध डेयरी के संचालक चिंटू साहू ने पुलिस को सूचना दी कि उनके यहां काम करने वाले दोनों कर्मचारी दुर्गेश धृतलहरे और सन्नी साहू अचानक गायब हैं। जब डेयरी परिसर में बने कमरे की जांच की गई तो वहां खून फैला हुआ मिला, जिससे किसी गंभीर घटना की आशंका हुई।

सूचना मिलते ही पंडरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और दोनों कर्मचारियों की तलाश की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मेकाहारा अस्पताल से आरोपी सन्नी साहू को हिरासत में लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी सन्नी साहू ने कबूल किया कि शराब पीने के दौरान पैसों और शराब को लेकर उसका दुर्गेश धृतलहरे से विवाद हो गया था। बहस बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई, इसी दौरान सन्नी ने चाकू और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे दुर्गेश की मौत हो गई।

फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पूरे मामले का विस्तृत खुलासा रायपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी जल्द करने की बात कह रहे हैं। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।