भीषण सड़क हादसा: कर्नाटक के चित्रदुर्ग में स्लीपर बस में आग, 10 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत

कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-48 (NH-48) पर हिरियूर तालुक के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार लॉरी डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी ओर से आ रही स्लीपर बस से टकरा गई। टक्कर के तुरंत बाद बस में आग लग गई।
मिली जानकारी के अनुसार, यह निजी कंपनी सीबर्ड ट्रांसपोर्ट की स्लीपर बस बेंगलुरु से गोकर्ण जा रही थी। बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा रात करीब 2.30 बजे हुआ, जब अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में कुछ ही पलों में आग फैल गई, जिससे यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक 10 यात्रियों की मौत हो चुकी थी। कई अन्य यात्री गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण लॉरी की तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।