भारत माला परियोजना से जुड़े बहुचर्चित घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार सुबह छत्तीसगढ़ में बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान रायपुर और महासमुंद जिले में कई प्रभावशाली कारोबारियों और उनसे जुड़े लोगों के परिसरों की तलाशी ली जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रायपुर में व्यवसायी हरमीत सिंह खनूजा के निवास पर ED ने दबिश दी। वहीं महासमुंद जिले के मेघ बसंत कॉलोनी में स्थित आर्यन होंडा एजेंसी के संचालक जसबीर सिंह बग्गा के घर पर भी छापेमारी की गई है। इसके अलावा हरमीत खनूजा के ससुर, ट्रांसपोर्टर हरमीत सिंह चावला, तथा उनके एक करीबी के ठिकानों पर भी ED की कार्रवाई जारी है।
सूत्रों के मुताबिक CRPF जवानों की सुरक्षा में ED की लगभग 10 सदस्यीय टीम चार वाहनों में सवार होकर सुबह तड़के संबंधित ठिकानों पर पहुंची। टीम ने रायपुर के पंजाबीपारा स्थित हरमीत सिंह चावला के घर में प्रवेश कर दस्तावेजों और डिजिटल सबूतों की गहन जांच शुरू की। उल्लेखनीय है कि हरमीत खनूजा की पत्नी रविंदर कौर (रूबी) तहसीलदार पद पर कार्यरत हैं।
ED अधिकारियों द्वारा आरोपियों के आवासों और कार्यालयों से जुड़े डिजिटल डेटा, बैंक दस्तावेज और संपत्ति से संबंधित कागजात खंगाले जा रहे हैं। साथ ही घोटाले से जुड़े संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की जा रही है।
ED के अनुसार, भारत माला परियोजना के अंतर्गत रायपुर–विशाखापट्टनम आर्थिक कॉरिडोर के लिए भूमि अधिग्रहण के दौरान मुआवजा भुगतान में भारी गड़बड़ी की गई थी। इसी अनियमितता की जांच के तहत यह कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल सभी ठिकानों के बाहर भारी सुरक्षा बल तैनात है और किसी भी बाहरी व्यक्ति को परिसर के भीतर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। ED की यह कार्रवाई देर शाम तक जारी रहने की संभावना है।
