नई दिल्ली। भगोड़े कारोबारी विजय माल्या की 70वीं जन्मदिन पार्टी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह पार्टी लंदन में धूमधाम से मनाई गई थी, जहां पूर्व आईपीएल चेयरमैन ललित मोदी भी मौजूद थे। वायरल वीडियो में ललित मोदी खुद को और विजय माल्या को हंसते हुए “भारत के दो सबसे बड़े भगोड़े” बताते नजर आ रहे हैं। दोनों की इस टिप्पणी ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं पैदा कर दी हैं।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो खुद ललित मोदी ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा—
“भारत में इंटरनेट पर फिर से तहलका मचाने का समय आ गया है। हैप्पी बर्थडे मेरे दोस्त विजय माल्या। लव यू।”
इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों का कहना है कि जिन पर हजारों करोड़ रुपये की धोखाधड़ी और वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप हैं, उनका इस तरह खुलेआम जश्न मनाना और खुद को भगोड़ा कहना बेहद शर्मनाक है।
वीडियो के वायरल होने के बाद मामला एक बार फिर विजय माल्या और ललित मोदी की भारत वापसी और उनके खिलाफ लंबित मामलों को लेकर चर्चा में आ गया है। फिलहाल इस विवाद पर दोनों की ओर से कोई सफाई या प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन सोशल मीडिया पर आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।
https://x.com/LalitKModi/status/2005514640617542077?s=20
