बांग्लादेश में अशांति और सांप्रदायिक हिंसा का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को भीड़ की हिंसा का एक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां शरीयतपुर जिले में 50 वर्षीय हिंदू व्यक्ति खोकोन दास को भीड़ ने बेरहमी से पीटने के बाद जिंदा जला दिया। यह घटना 31 दिसंबर की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों और रिपोर्ट्स के अनुसार, खोकोन दास जब अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में घात लगाए भीड़ ने उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इसके बाद उन्हें बुरी तरह पीटा गया और अंततः आग के हवाले कर दिया गया। गंभीर रूप से झुलसे दास की मौके पर ही मौत हो गई।
लगातार बढ़ रहे हैं हिंदुओं पर हमले
यह घटना बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय पर हाल के दिनों में हुआ चौथा गंभीर हमला है, जिसने देश में कानून-व्यवस्था और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इससे पहले सोमवार को बेजेंद्र बिस्वास नामक एक हिंदू युवक को उसके ही सहकर्मी ने गोली मार दी थी। वहीं, 24 दिसंबर को 29 वर्षीय अमृत मंडल को कथित तौर पर कालीमोहर संघ के हुसैनडांगा इलाके में भीड़ ने पीट-पीट कर मार डाला था।
अल्पसंख्यकों में भय का माहौल
लगातार हो रही इन घटनाओं से बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के बीच डर और असुरक्षा का माहौल है। मानवाधिकार संगठनों और सामाजिक संगठनों ने इन हमलों की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू करने की बात कही है, लेकिन अब तक किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
