राजधानी भोपाल के केरवा जंगल कैंप रिसॉर्ट में 19 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक प्रॉपर्टी डीलर ने आर्थिक मदद के बहाने युवती को मिलने बुलाया और जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पीड़िता ने इस संबंध में रातीबड़ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
समीर बनकर की दोस्ती, असली नाम जहूर
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने अपना नाम समीर बताया था, जबकि उसका असली नाम जहूर है और वह प्रॉपर्टी डीलर है। युवती इवेंट मैनेजमेंट का काम करती है और उसकी आरोपी से मुलाकात एक सहेली के माध्यम से हुई थी।
पीड़िता की मां की तबीयत खराब होने के कारण उसे पैसों की जरूरत थी। इसी दौरान उसने आरोपी से 5 हजार रुपये की मदद मांगी थी। 31 दिसंबर की रात आरोपी ने पैसे देने के बहाने उसे नेहरू नगर बुलाया और वहां से घुमाने के बहाने केरवा जंगल कैंप रिसॉर्ट ले गया, जहां उसने दुष्कर्म किया।
डायल 112 पर दी सूचना, मेडिकल के बाद FIR
घटना के बाद पीड़िता ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची 112 की टीम ने रातीबड़ थाने की महिला सब-इंस्पेक्टर को बुलाया। इसके बाद पीड़िता को थाने ले जाकर बयान दर्ज किए गए, मेडिकल परीक्षण कराया गया और एफआईआर दर्ज की गई।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
रातीबड़ थाना प्रभारी टीआई रासबिहारी शर्मा ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाने की दो टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
