बिलासपुर नगर निगम के जोन क्रमांक-2 में टैक्स वसूली से जुड़े 14.18 लाख रुपये के घोटाले का मामला सामने आया है। मामले में जोन क्रमांक-2 के राजस्व निरीक्षक (आरआई) रामनारायण देवांगन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे द्वारा की गई है।
टैक्स की राशि निगम कोष में नहीं की जमा
नगर निगम की जांच में सामने आया है कि वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2024-25 के दौरान संपत्तिकर, समेकित कर और यूजर चार्ज के रूप में वसूल की गई 14,18,207 रुपये की राशि को निगम कोष में जमा नहीं किया गया। इस गंभीर वित्तीय अनियमितता को नियमों का उल्लंघन माना गया है।
नियम 9 के तहत निलंबन
इस मामले में छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 09 (1) (ख) के तहत आरआई रामनारायण देवांगन को निलंबित किया गया है। साथ ही निगम आयुक्त ने उनसे समस्त बकाया राशि की शीघ्र वसूली के निर्देश भी जारी किए हैं।
ऑडिट में हुआ खुलासा
यह घोटाला नगर निगम के आंतरिक ऑडिट (इंटरनल ऑडिट) के दौरान सामने आया। बताया गया कि वर्ष 2023-24 के ऑडिट के दौरान जोन क्रमांक-2 में राजस्व कर वसूली से जुड़ी इस बड़ी गड़बड़ी का खुलासा हुआ।
जांच रिपोर्ट के बाद हुई कार्रवाई
ऑडिट रिपोर्ट निगम आयुक्त को सौंपे जाने के बाद संयुक्त संचालक वित्त के नेतृत्व में मामले की विस्तृत जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट प्रस्तुत होने के बाद निगम आयुक्त ने निलंबन की कार्रवाई की।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय में राशि जमा नहीं की जाती है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। मामले की आगे भी जांच जारी है।
