केंद्र सरकार ने इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग स्कीम (ECMS) के तहत 22 नए प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है। इनमें डिक्सन, मदरसन, हिंडाल्को और बीपीएल जैसी प्रमुख कंपनियां शामिल हैं। इन परियोजनाओं के जरिए देश में कुल 41,863 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।
सीएनबीसी-आवाज़ संवाददाता असीम मनचंदा के मुताबिक, इन स्वीकृत परियोजनाओं से करीब 2,58,152 करोड़ रुपये का उत्पादन होने की संभावना है, जबकि 33,791 लोगों को सीधे रोजगार मिलेगा। सरकार का मानना है कि इससे इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट सेक्टर में घरेलू क्षमता मजबूत होगी और आयात पर निर्भरता कम होगी।
किन उत्पादों का होगा निर्माण
जिन कंपनियों को मंजूरी मिली है, वे कैपेसिटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के लिए लिथियम-आयन सेल, कॉपर-क्लैड लैमिनेट, एन्क्लोजर, एनोड मटीरियल, कनेक्टर, डिस्प्ले और कैमरा मॉड्यूल जैसे अहम इलेक्ट्रॉनिक पुर्जों का निर्माण करेंगी। इस स्कीम के तहत कुल 11 प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों को शामिल किया गया है।
इन कंपोनेंट्स का उपयोग मोबाइल, टेलीकॉम, ऑटोमोबाइल, कंज्यूमर और रणनीतिक इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में किया जाएगा, जिससे कई उद्योगों को सीधा लाभ मिलेगा।
कई राज्यों में लगेंगी परियोजनाएं
ये परियोजनाएं आंध्र प्रदेश, हरियाणा, कर्नाटक और मध्य प्रदेश में स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा महाराष्ट्र, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी कुछ प्रोजेक्ट्स को मंजूरी मिली है। सरकार का कहना है कि इससे देशभर में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम को मजबूती मिलेगी।
सेमीकंडक्टर सेक्टर पर भी जोर
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि वर्ष 2026 में चार कंपनियां सेमीकंडक्टर यूनिट शुरू करेंगी। इनमें माइक्रोन, केन्स, सीजी इलेक्ट्रॉनिक्स और टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स शामिल हैं, जो देश में चिप निर्माण करेंगी।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि ECMS के तहत मंजूरी पाने वाली कंपनियां शैक्षणिक संस्थानों और उद्योग निकायों के साथ मिलकर मानक डिजाइन सुविधाएं विकसित करें, ताकि खास तौर पर छोटे और मझोले उद्योगों (MSME) को इसका लाभ मिल सके।
सरकार का मानना है कि इन पहलों से भारत की घरेलू सप्लाई चेन मजबूत होगी और देश को एक वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण बढ़त मिलेगी।
