शादी से पहले मेडिकल जांच अनिवार्य, बिना सर्टिफिकेट विवाह अमान्य, नियम तोड़ने पर जेल और जुर्माना

शादी को जिंदगी का सबसे अहम फैसला मानते हुए पश्चिम एशियाई देश ओमान ने बड़ा कदम उठाया है। ओमान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने देश में शादी करने वाले सभी जोड़ों के लिए शादी से पहले मेडिकल जांच को अनिवार्य कर दिया है। यह व्यवस्था पहले वैकल्पिक थी, लेकिन अब शाही फरमान जारी कर इसे कानून का रूप दे दिया गया है। कानून का उल्लंघन करने पर जेल और जुर्माने का भी प्रावधान किया गया है।

हालांकि सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस कानून का उद्देश्य शादी के फैसले में दखल देना नहीं, बल्कि स्वास्थ्य जांच को अनिवार्य बनाना है ताकि गंभीर बीमारियों के प्रसार को रोका जा सके।

बिना मेडिकल सर्टिफिकेट शादी मान्य नहीं

खलीज टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, शादी करने की इच्छा रखने वाले जोड़ों को विवाह कॉन्ट्रैक्ट फाइल करने से पहले मेडिकल जांच पूरी करनी होगी और उसका सर्टिफिकेट लेना अनिवार्य होगा। बिना सर्टिफिकेट के शादी को कानूनी मान्यता नहीं मिलेगी।

यह नियम उन जोड़ों पर भी लागू होगा जिनमें एक पक्ष गैर-ओमानी हो। इतना ही नहीं, अगर कोई ओमानी नागरिक विदेश में जाकर शादी करता है, तब भी उसे इस नियम का पालन करना होगा।

शाही आदेश के बाद लागू हुआ कानून

नए साल की शुरुआत के साथ ही यह नियम ओमान में कानून बन चुका है। सुल्तान हैथम बिन तारिक ने शाही आदेश संख्या 111/2025 जारी कर इसे लागू किया है। इसके तहत मेडिकल जांच पूरी करना शादी के कॉन्ट्रैक्ट की बुनियादी शर्त होगी।

खलीज टाइम्स के मुताबिक, नियम तोड़ने वालों को कम से कम 10 दिन और अधिकतम 6 महीने की कैद और/या 1,000 ओमानी रियाल तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।

गंभीर और वंशानुगत बीमारियों की होगी जांच

ओमान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इस मेडिकल स्क्रीनिंग का उद्देश्य वंशानुगत रक्त विकारों—खासतौर पर सिकल सेल एनीमिया और थैलेसीमिया—के वाहकों की पहचान करना है। इसके साथ ही हेपेटाइटिस बी, हेपेटाइटिस सी और एचआईवी/एड्स जैसी संक्रामक बीमारियों की भी जांच की जाएगी।

मंत्रालय का कहना है कि यह कदम समाज में आनुवंशिक और संक्रामक बीमारियों के प्रसार को रोकने के लिए उठाया गया है।

कम भागीदारी बनी वजह

गौरतलब है कि ओमान में 1999 से शादी से पहले की स्क्रीनिंग वैकल्पिक थी, लेकिन 2025 में सिर्फ 42% लोगों ने ही यह जांच कराई। इसी कम भागीदारी को देखते हुए सरकार ने इसे अनिवार्य बनाने का फैसला किया है, ताकि परिवारों और समाज के स्वास्थ्य को मजबूत किया जा सके।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध होगी सुविधा

शादी से पहले की मेडिकल जांच सेवाएं ओमान के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध हैं। ओमानी नागरिक किसी भी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में जांच करा सकते हैं, जबकि स्वास्थ्य मंत्रालय से मान्यता प्राप्त निजी स्वास्थ्य केंद्रों पर भी यह सुविधा मिलेगी।

दोनों पक्षों को मिलेगा डिजिटल सर्टिफिकेट

सभी जरूरी जांच पूरी होने के बाद मेडिकल सर्टिफिकेट जारी किया जाएगा, जिसे इलेक्ट्रॉनिक रूप से सुप्रीम ज्यूडिशियल काउंसिल के नोटरी पब्लिक प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा। इसकी डिजिटल कॉपी दोनों पक्षों को उपलब्ध कराई जाएगी।

सरकार का मानना है कि यह कानून आने वाली पीढ़ियों को गंभीर बीमारियों से बचाने और स्वस्थ समाज की दिशा में एक अहम कदम साबित होगा।