भारतीय चुनाव आयोग (ECI) ने मशहूर भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी और उनके भाई मोहम्मद कैफ को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) से जुड़े एक मामले को लेकर भेजा गया है, जिसकी शुरुआत 16 दिसंबर 2025 को पश्चिम बंगाल में की गई थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों भाइयों के SIR एनरोलमेंट फॉर्म में कुछ गड़बड़ियां पाए जाने के बाद उन्हें सुनवाई के लिए तलब किया गया है। चुनाव आयोग की ओर से जारी नोटिस में दोनों को 5 जनवरी 2026 को उपस्थित होने के लिए कहा गया था।
हालांकि, क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर स्पष्ट किया है कि वह निर्धारित तारीख पर पेश नहीं हो पाएंगे। न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक, शमी ने अपने पत्र में लिखा है कि वह इस समय विजय हजारे ट्रॉफी के तहत घरेलू क्रिकेट में बंगाल टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और राजकोट में मैचों में व्यस्त हैं, इसलिए सुनवाई में शामिल होना उनके लिए संभव नहीं है।
क्यों बुलाए गए शमी और उनके भाई?
चुनाव आयोग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, मोहम्मद शमी और उनके भाई के नाम वोटर एनरोलमेंट फॉर्म में कुछ तकनीकी दिक्कतों के चलते सामने आए हैं। ये गड़बड़ियां प्रोजेनी मैपिंग और सेल्फ-मैपिंग से जुड़ी बताई जा रही हैं, जिनकी जांच के लिए दोनों को सुनवाई सूची में शामिल किया गया है।
बताया जा रहा है कि यह नोटिस सोमवार को दक्षिण कोलकाता के जादवपुर इलाके स्थित कार्तजू नगर स्कूल से जारी किए गए। चुनाव आयोग इस मामले में आगे की कार्रवाई दोनों पक्षों की उपस्थिति और जवाब के आधार पर तय करेगा।
फिलहाल, मोहम्मद शमी की ओर से आयोग को दिए गए जवाब के बाद यह देखना होगा कि उन्हें नई तारीख दी जाती है या नहीं।
