रायपुर | कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट आज एक दिवसीय दौरे पर राजधानी रायपुर पहुंच रहे हैं। अपने इस दौरे के दौरान वे प्रदेशभर में मनरेगा को लेकर चल रहे आंदोलन की समीक्षा करेंगे और पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों पर भी फोकस करेंगे।
कांग्रेस के लिए यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि मनरेगा के मुद्दे पर पार्टी ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़ रखा है। ऐसे में सचिन पायलट का यह दौरा आंदोलन की आगे की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सचिन पायलट दोपहर 12 बजे रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद वे दोपहर 1 बजे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे। बैठक में मनरेगा आंदोलन की मौजूदा स्थिति, सरकार के खिलाफ आगे की रणनीति और आंदोलन को और धार देने को लेकर चर्चा होगी।
सूत्रों की मानें तो इस बैठक में आंदोलन के स्वरूप में बदलाव या उसे और तेज करने को लेकर भी निर्णय लिया जा सकता है। साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर भी मंथन होने की संभावना है।
कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश में मनरेगा के तहत मजदूरों को समय पर काम और भुगतान नहीं मिल रहा है, जिसे लेकर पार्टी लगातार सरकार को घेर रही है। सचिन पायलट का यह दौरा आने वाले दिनों में कांग्रेस के आंदोलन को नई दिशा दे सकता है।
