छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब कारोबारी और छत्तीसगढ़ डिस्टलरी के संचालक नवीन केडिया को झारखंड एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने गिरफ्तार कर लिया है। एसीबी की टीम ने उसे गोवा से पकड़ा, जहां वह लंबे समय से फरार चल रहा था। नवीन केडिया के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत जांच जारी थी और उसके खिलाफ पहले ही गिरफ्तारी वारंट जारी किया जा चुका था।
गिरफ्तारी के बाद अब झारखंड ACB की टीम उसे ट्रांजिट रिमांड पर गोवा से रांची लाने की प्रक्रिया में जुट गई है। रांची लाए जाने के बाद आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान शराब घोटाले से जुड़े नेटवर्क, अधिकारियों की भूमिका और करोड़ों रुपये के लेनदेन से जुड़े अहम खुलासे हो सकते हैं।
छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में भी नाम
नवीन केडिया का नाम छत्तीसगढ़ में सामने आए शराब घोटाले में भी प्रमुख रूप से शामिल है। आरोप है कि छत्तीसगढ़ डिस्टलरी के संचालक नवीन केडिया ने शराब सिंडिकेट को सप्लाई की और इसके बदले 243.72 करोड़ रुपये का कमीशन दिया।
गिरफ्तारी से बचने की कोशिश नाकाम
सूत्रों के अनुसार, नवीन केडिया ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट में जमानत याचिका भी दाखिल कर रखी थी, लेकिन इससे पहले ही ACB ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
विनय कुमार चौबे के कार्यकाल से जुड़ा मामला
जांच एजेंसी का कहना है कि यह पूरा मामला उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के पूर्व प्रधान सचिव विनय कुमार चौबे के कार्यकाल से जुड़ा है। मई 2022 में लागू की गई नई उत्पाद नीति के दौरान छत्तीसगढ़ के शराब कारोबारियों और प्लेसमेंट एजेंसियों को झारखंड में काम दिए जाने का आरोप है।
आरोप है कि इन कारोबारियों और एजेंसियों से मोटी कमीशन राशि ली गई और इसके बदले उन्हें झारखंड में शराब कारोबार से जुड़े ठेके और काम सौंपे गए। नवीन केडिया को पूर्व प्रधान सचिव विनय कुमार चौबे का करीबी भी माना जाता है।
बड़े खुलासों की उम्मीद
ACB का मानना है कि नवीन केडिया से पूछताछ के दौरान पूरे शराब घोटाले की चेन, इसमें शामिल अधिकारियों और पैसों के लेनदेन से जुड़े कई बड़े सुराग सामने आ सकते हैं। इस गिरफ्तारी को झारखंड-छत्तीसगढ़ शराब घोटाले की जांच में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
