CG- गर्भवती शिक्षिका से अमानवीय व्यवहार, प्राचार्य पर मारपीट और धमकी के गंभीर आरोप

बलरामपुर। जिले के कुसमी विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसकेपी में एक गर्भवती महिला शिक्षिका के साथ कथित रूप से अमानवीय व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने विद्यालय के प्राचार्य पर गाली-गलौज, मारपीट और सेवा पुस्तिका खराब करने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

पीड़िता श्रीमती अनिमा लकड़ा, जो उक्त विद्यालय में व्याख्याता (भूगोल) के पद पर पदस्थ हैं, ने इस संबंध में गनेशमोड़ चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, 6 जनवरी को उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से एक दिन का आकस्मिक अवकाश लिया था। इसके बावजूद 7 जनवरी को वे सुबह 10 बजे से पहले नियमित रूप से विद्यालय पहुंच गई थीं।

आरोप है कि विद्यालय के प्राचार्य मंगना राम ने जानबूझकर उनकी उपस्थिति पंजी में अनुपस्थित दर्ज कर दिया। जब शिक्षिका ने इस पर आपत्ति जताई तो प्राचार्य ने पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाते हुए उनके साथ अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया और सेवा पुस्तिका खराब कर जीवन बर्बाद करने की धमकी दी।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि विवाद के दौरान प्राचार्य ने शिक्षिका के साथ मारपीट की, चेहरे पर थप्पड़ मारे और पेट में घूंसे मारे। पीड़िता आठ माह की गर्भवती हैं और घटना के बाद उन्हें पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई। घटना के समय विद्यालय का पूरा स्टाफ मौजूद बताया जा रहा है।

मामले की सूचना मिलने के बाद शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। गर्भवती महिला शिक्षिका के साथ इस तरह के व्यवहार ने न केवल विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि महिला सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा की है।

फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, पीड़िता ने दोषी प्राचार्य के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।