छत्तीसगढ़ की राजनीति में बड़ा मामला सामने आया है। जांजगीर-चांपा जिले के जैजैपुर से कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू पर एक किसान से 42 लाख 78 हजार रुपए की धोखाधड़ी का गंभीर आरोप साबित होता नजर आ रहा है। पुलिस ने इस मामले में 9 जनवरी को कोर्ट में चार्जशीट पेश की, जिसके बाद सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रवीण मिश्रा ने विधायक बालेश्वर साहू को 22 जनवरी तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने के आदेश दिए हैं।
किसान के नाम पर लोन, फिर ब्लैंक चेक से निकाले पैसे
मामले में पीड़ित किसान राजकुमार शर्मा (46) ने बताया कि विधायक बालेश्वर साहू ने अपने सहयोगी गौतम राठौर के साथ मिलकर किसान के नाम पर 42 लाख रुपए का लोन पास कराया। इसके बाद बहाने से किसान से 10 ब्लैंक चेक ले लिए गए। इन्हीं चेकों का इस्तेमाल कर फर्जी हस्ताक्षर और अंगूठा लगाकर अलग-अलग किस्तों में लाखों रुपए निकाल लिए गए।
बैंक मैनेजर रहते रची गई साजिश
जानकारी के अनुसार, 2015 से 2020 के बीच बालेश्वर साहू बम्हनीडीह सहकारी बैंक में मैनेजर के पद पर पदस्थ थे, जबकि गौतम राठौर उस समय विक्रेता के पद पर कार्यरत था। दोनों ने किसान क्रेडिट कार्ड से लोन दिलाने का झांसा देकर पूरी साजिश को अंजाम दिया।
HDFC बैंक में खुलवाए गए नए खाते
आरोप है कि इस धोखाधड़ी को अंजाम देने के लिए एचडीएफसी बैंक में दो नए खाते भी खुलवाए गए। इन खातों और ब्लैंक चेकों के जरिए धीरे-धीरे कुल 42 लाख 78 हजार रुपए किसान के खातों से निकाल लिए गए।
पहली निकासी 15 जनवरी 2015 को 51 हजार रुपए की गई थी, जिसके बाद रकम लगातार बढ़ती गई।
पत्नी के खाते में भी ट्रांसफर
जांच में यह भी सामने आया है कि विधायक बालेश्वर साहू ने अपनी पत्नी आशा साहू के खाते में 7.5 लाख रुपए ट्रांसफर करवाए थे।
बैंक कॉल से हुआ खुलासा
पीड़ित किसान को इस धोखाधड़ी की जानकारी तब हुई, जब 2020 में HDFC बैंक चांपा से कॉल आया। बैंक ने किसान से पूछा कि क्या उसने बालेश्वर साहू को पैसे निकालने की अनुमति दी है। इसके बाद किसान ने बैंक जाकर खाते की पूरी डिटेल निकाली, तब जाकर पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
पैसे लौटाने का वादा, फिर टालमटोल
किसान राजकुमार शर्मा ने बताया कि जब उसने बालेश्वर साहू से संपर्क किया, तो विधायक ने 6 महीने में ब्याज सहित पूरी रकम लौटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन वादा पूरा नहीं हुआ।
इस बीच विधानसभा चुनाव भी हुए। सहयोगी गौतम राठौर ने यह कहकर मामला टाल दिया कि यह रकम चुनावी खर्च में लग गई।
14 अगस्त 2025 को दर्ज हुई शिकायत
लगातार टालमटोल से परेशान होकर पीड़ित किसान ने आखिरकार 14 अगस्त 2025 को चांपा थाना में विधायक बालेश्वर साहू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जांच के बाद अब कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।
