कसडोल थाने की पुलिस ने एक ही जमीन को दो लोगों को बेचने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार

बलौदाबाजार– एक ही जमीन को दो अलग-अलग लोगों को बेचकर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को कसडोल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पहले बयाना लेकर रजिस्ट्री नहीं कराई और बाद में वही जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जमीन बिक्री के नाम पर लिया बयाना, फिर की धोखाधड़ी

पीड़िता भगवती साय, निवासी बाजार चौक कसडोल ने थाना कसडोल में रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी गौतम दास मानिकपुरी से उसके स्वामित्व की जमीन को वर्ष 2015-16 में ₹8,60,000 में खरीदने का सौदा हुआ था। इस दौरान आरोपी ने ₹1,20,000 नगद बयाना लिया और बाद में रजिस्ट्री कराने का भरोसा देकर स्टांप पेपर पर बिक्रीनामा तैयार किया।

बिक्रीनामा के बाद आरोपी ने खसरा की जमीन पीड़िता को सौंप दी, जिस पर वह कृषि कार्य भी कर रही थी। लेकिन जब-जब पीड़िता ने जमीन की रजिस्ट्री कराने की बात की, आरोपी टालमटोल करता रहा।

दूसरी बिक्री का हुआ खुलासा

मामले का खुलासा 17 जून 2025 को तब हुआ, जब पीड़िता ने देखा कि उसकी जमीन पर कोई अन्य व्यक्ति धान की बुआई कर रहा है। पूछताछ करने पर उस व्यक्ति ने बताया कि उसने यह जमीन गौतम दास मानिकपुरी से खरीदी है और उसी के कहने पर खेती कर रहा है।

पूछताछ में आरोपी ने किया जुर्म स्वीकार

जब पीड़िता ने आरोपी से इस संबंध में पूछताछ की, तो आरोपी ने जमीन को किसी अन्य व्यक्ति को बेचने की बात स्वीकार की और पीड़िता को धमकाते हुए कहा कि “जो करना है कर लो।”

जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले व्यक्ति से ₹3,20,000 बयाना लेकर रजिस्ट्री नहीं कराई और बाद में वही जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी।

धारा 420 के तहत मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना कसडोल में अपराध क्रमांक 18/2026, धारा 420 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में कसडोल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने धोखाधड़ी कर सदोष लाभ प्राप्त करने की बात स्वीकार की।