अश्लील नृत्य कार्यक्रम मामला- मैनपुर SDM पद से हटाए गए, कलेक्टर ने किया कलेक्टोरेट अटैच, जांच समिति गठित

गरियाबंद जिले में प्रशासनिक अनुशासन से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। मैनपुर क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अश्लील नृत्य के आयोजन से जुड़े प्रकरण में मैनपुर के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तुलसी दास मरकाम को उनके पद से हटा दिया गया है। जिला कलेक्टर भगवान सिंह यूईक ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि संबंधित अधिकारी को तत्काल प्रभाव से कलेक्टोरेट अटैच कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, मैनपुर क्षेत्र में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान मर्यादाओं के विपरीत अश्लील नृत्य का आयोजन किया गया था। मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक और सामाजिक स्तर पर नाराजगी देखने को मिली। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान नियमों और सामाजिक मर्यादाओं का उल्लंघन हुआ, वहीं स्थानीय प्रशासन की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रारंभिक कार्रवाई के तहत SDM को उनके पद से हटाया है। कलेक्टर भगवान सिंह यूईक ने बताया कि प्रकरण की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के लिए अपर कलेक्टर के नेतृत्व में एक जांच समिति का गठन किया गया है। समिति में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल किया गया है।

जांच समिति कार्यक्रम के आयोजन, अनुमति प्रक्रिया, प्रशासनिक निगरानी तथा संबंधित अधिकारी की भूमिका समेत सभी पहलुओं की गहन जांच कर रिपोर्ट तैयार करेगी। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद समिति की रिपोर्ट संभागायुक्त (कमिश्नर) को भेजी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी।

प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि यदि जांच में गंभीर लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।