रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु IPL 2026 में अपने घरेलू मैच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में नहीं खेलेगी। मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार RCB के घरेलू मैच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम और रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेले जा सकते हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, RCB के अधिकारियों ने IPL 2026 के लिए इन दोनों स्टेडियम को होम वेन्यू बनाने की योजना बनाई है। इसके तहत टीम 5 मैच नवी मुंबई और 2 मैच रायपुर में खेल सकती है।
यह भी बताया जा रहा है कि RCB ने अभी तक कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) से चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैच कराने को लेकर कोई संपर्क नहीं किया है।
दरअसल, 4 जून को बेंगलुरु में RCB के IPL विक्ट्री सेलिब्रेशन के दौरान हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद राज्य सरकार ने इस स्टेडियम में बड़े आयोजनों को लेकर सख्त रुख अपनाया। इसी वजह से BCCI को विजय हजारे ट्रॉफी और विमेंस वर्ल्ड कप के कुछ मैच भी बेंगलुरु से बाहर शिफ्ट करने पड़े थे।
