सूरजपुर जिले के फॉरेस्ट रेस्ट हाउस में अश्लील डांस का एक वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है। वीडियो वायरल होते ही सरगुजा सर्कल के CCF दिलराज प्रभाकर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डिप्टी रेंजर और फॉरेस्टर को निलंबित कर दिया है। वहीं, तत्कालीन रेंजर को विभाग की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
DFO ने SP को लिखा पत्र, FIR दर्ज करने के निर्देश
मामले की जांच के बाद सूरजपुर DFO दुलेश्वर साहू ने सूरजपुर एसपी को पत्र लिखकर वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की अनुशंसा की है। हालांकि, प्रारंभिक जांच में यह वीडियो 1 से 2 साल पुराना बताया जा रहा है।
कुमेली फॉरेस्ट रेस्ट हाउस का है वीडियो
वायरल वीडियो रामानुजनगर ब्लॉक के कुमेली फॉरेस्ट रेस्ट हाउस का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि रेस्ट हाउस के अंदर डांसर्स पर पैसे उड़ाए जा रहे हैं, कुछ लोग शराब पीते नजर आ रहे हैं और पूरा माहौल अशोभनीय बना हुआ है।
जनप्रतिनिधि और शासकीय कर्मचारी भी दिखे वीडियो में
वीडियो में कुछ स्थानीय जनप्रतिनिधि और शासकीय कर्मचारी भी दिखाई दे रहे हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। जानकारी के मुताबिक, यह कार्यक्रम एक बीडीसी (जनपद सदस्य) द्वारा आयोजित किया गया था।
फॉरेस्टर की अनुमति से हुआ कार्यक्रम
बताया जा रहा है कि डांस प्रोग्राम के लिए रेस्ट हाउस के हॉल में गद्दे बिछाए गए, कुर्सियां लगाई गईं, और पूरा आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अनुमति फॉरेस्टर द्वारा दी गई थी, जिसके बाद डांसर्स का कार्यक्रम आयोजित हुआ।
जांच में गार्ड और ग्रामीणों के बयान दर्ज
वीडियो वायरल होने के बाद सूरजपुर DFO ने मामले की जांच कराई। फॉरेस्ट SDO अजय तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम ने रेस्ट हाउस के गार्ड, सरपंच सहित ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। इसके बाद DFO ने प्रारंभिक जांच रिपोर्ट CCF सरगुजा को भेजी।
