बलौदाबाजार- तेज रफ्तार का कहर, स्कॉर्पियो–ट्रेलर की भीषण टक्कर, कसडोल निवासी 6 लोग घायल

बलौदाबाजार। जिले में तेज रफ्तार सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां स्कॉर्पियो और ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। यह भीषण हादसा पलारी–डोटोपार मार्ग पर मल्लिन नाला के पास डोटोपार क्षेत्र में हुआ, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा आज तड़के सुबह उस समय हुआ जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन का आगे का बायां टायर अचानक फट गया। टायर फटते ही वाहन अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रहे ट्रेलर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन के परखच्चे उड़ गए।
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें एक महिला भी शामिल है। सभी यात्री कसडोल वार्ड क्रमांक 8 के निवासी हैं और रायपुर में आयोजित एक सत्संग कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया था। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला गया। दुर्घटना में सभी यात्रियों को चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर एंबुलेंस पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए बलौदाबाजार जिला चिकित्सालय भेजा गया। वहीं दो गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को पुलिस वाहन की सहायता से लवन अस्पताल रेफर किया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।