मुंगेली जिले के जरहागांव थाना प्रभारी नंदलाल पैकरा का राजस्थान में एक दर्दनाक सड़क हादसे में निधन हो गया। एक कर्तव्यनिष्ठ और जांबाज पुलिस अधिकारी की इस तरह अचानक हुई मौत से मुंगेली जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी नंदलाल पैकरा एक गुमशुदा व्यक्ति की पतासाजी के सिलसिले में पुलिस टीम के साथ राजस्थान रवाना हुए थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी गाड़ी भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि टीआई नंदलाल पैकरा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में गहरा दुख व्याप्त हो गया। साथी अधिकारी, अधीनस्थ कर्मचारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी इस अप्रत्याशित हादसे से स्तब्ध हैं। नंदलाल पैकरा को एक ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और साहसी अधिकारी के रूप में जाना जाता था, जिन्होंने अपने सेवाकाल में कई चुनौतीपूर्ण मामलों को सफलता से सुलझाया।
पुलिस विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है।
हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है, वहीं पार्थिव शरीर को विधिवत प्रक्रिया के बाद छत्तीसगढ़ लाए जाने की तैयारी की जा रही है।
