गणतंत्र दिवस से पहले अलर्ट: दिल्ली पुलिस ने जारी किए 6 आतंकियों के पोस्टर, पहली बार दिल्ली के आतंकी की तस्वीर शामिल

नई दिल्ली। 77वें गणतंत्र दिवस से पहले राजधानी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। इसी बीच दिल्ली पुलिस ने 6 वांटेड आतंकवादियों के पोस्टर जारी किए हैं। इन पोस्टरों में पहली बार दिल्ली के एक आतंकवादी की तस्वीर शामिल की गई है। यह आतंकी मोहम्मद रेहान है, जो प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, मोहम्मद रेहान लंबे समय से पुलिस और खुफिया एजेंसियों की रडार पर है और उसे पकड़ने के लिए कई राज्यों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि रेहान राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा माना जा रहा है।

कर्तव्य पथ पर अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था

26 जनवरी को आयोजित होने वाले 77वें गणतंत्र दिवस समारोह को देखते हुए दिल्ली में, खासकर कर्तव्य पथ और आसपास के इलाकों में अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है।

पूरे क्षेत्र में हजारों सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें फेशियल रिकॉग्निशन सिस्टम (FRS) जैसी एडवांस्ड तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। संदिग्धों की पहचान रियल टाइम में की जा सकेगी।

10 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, करीब 10,000 से अधिक पुलिसकर्मी और सुरक्षाबल गणतंत्र दिवस के दौरान ड्यूटी पर रहेंगे। सुरक्षा को कई स्तरों में बांटा गया है—

  • एंटी-ड्रोन यूनिट आसमान से निगरानी करेगी

  • ऊंची इमारतों पर स्नाइपर तैनात किए गए हैं

  • होटल, गेस्ट हाउस, किराएदारों और घरेलू सहायकों का सघन सत्यापन अभियान

  • पैदल आने वाले लोगों की कम से कम तीन बार मेटल डिटेक्टर से जांच

पुलिस की अपील

दिल्ली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और सुरक्षा जांच में पूरा सहयोग करें।