बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को लेकर राजनीतिक और सामाजिक संघर्ष लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में आज ग्राम पंचायत कटगी में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कसडोल के ग्रामीण अध्यक्ष भागवत थवाईत की अगुवाई में “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत पदयात्रा निकाली गई।
इस पदयात्रा में क्षेत्र के कई कांग्रेसी नेता, कार्यकर्ता, मजदूर और ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। पदयात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने गांव-गांव जाकर मजदूरों और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और मनरेगा में कथित अनियमितताओं, काम की कमी और मजदूरी भुगतान में देरी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
केंद्र सरकार की नीतियों पर साधा निशाना
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कसडोल ग्रामीण अध्यक्ष भागवत थवाईत ने पदयात्रा के दौरान कहा कि
“मनरेगा गरीब, मजदूर और ग्रामीण परिवारों की आजीविका का सबसे बड़ा सहारा है, लेकिन केंद्र सरकार की नीतियों के कारण योजना को कमजोर किया जा रहा है। समय पर काम नहीं मिल रहा, मजदूरी भुगतान में देरी हो रही है, जिससे मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मनरेगा के बजट में कटौती कर रही है, जिससे गांवों में रोजगार के अवसर सीमित होते जा रहे हैं।
