चंडीगढ़ में कई नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिलने से बुधवार को हड़कंप मच गया। धमकी मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए बड़े स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। पुलिस ने ऐलान किया है कि 29 जनवरी से सभी स्कूलों के अंदर और आसपास नियमित पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।
बुधवार सुबह जैसे ही स्कूल प्रशासन को धमकी भरे ईमेल मिले, इसकी सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद एंटी-सबोटाज टीम, बम डिस्पोजल स्क्वायड, फायर ब्रिगेड और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। सभी प्रभावित स्कूल परिसरों की गहन और बारीकी से तलाशी ली गई।
पुलिस जांच में राहत की बात सामने आई कि किसी भी स्कूल से विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। फिलहाल सभी स्कूल सुरक्षित बताए गए हैं, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच जारी रखी है। ईमेल भेजने वालों की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
चंडीगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह हरकत चाहे अफवाह फैलाने के लिए की गई हो या किसी शरारती तत्व द्वारा, दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने अभिभावकों, छात्रों और आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें आगे फैलाएं, क्योंकि इससे अनावश्यक भय और भ्रम की स्थिति बनती है।
चंडीगढ़ पुलिस का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और छात्रों व शिक्षकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की जानकारी तुरंत आपातकालीन नंबर 112 पर देने की अपील की गई है।
