बीजापुर में सुरक्षाबलों–नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 2 नक्सली ढेर; हथियार बरामद, IED भी किया गया डिफ्यूज

छत्तीसगढ़–तेलंगाना बॉर्डर से सटे बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच बुधवार सुबह से मुठभेड़ जारी है। पामेड थाना क्षेत्र में सुबह करीब 7 बजे से रुक-रुककर फायरिंग हो रही है। इस मुठभेड़ में अब तक 2 नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है।
सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से 2 नक्सलियों के शव और हथियार बरामद किए हैं। बीजापुर पुलिस अधिकारियों ने मुठभेड़ में नक्सलियों के मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि की है।
जानकारी के मुताबिक बीजापुर जिले के दक्षिणी इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के जवानों को सर्च ऑपरेशन के लिए जंगल में भेजा गया। सर्चिंग के दौरान घात लगाए बैठे नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की।
उधर, जिले के लंकापल्ली गांव के पास जंगल में नक्सलियों द्वारा लगाए गए 2 IED को भी सुरक्षाबलों ने समय रहते डिफ्यूज कर दिया है। यह मामला इलमिडी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। सर्च ऑपरेशन पर निकली टीम ने सतर्कता बरतते हुए विस्फोटकों को निष्क्रिय किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। सुरक्षाबलों को आशंका है कि जंगल में और भी नक्सली छिपे हो सकते हैं। अतिरिक्त बल को भी मौके पर रवाना किया गया है और पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट है।