कराची। पाकिस्तान के कराची शहर के कुख्यात इलाके ल्यारी से एक बार फिर अंडरवर्ल्ड की पुरानी यादें ताजा हो गई हैं। ल्यारी गैंग वॉर के सबसे खतरनाक नामों में शामिल रहे गैंगस्टर रहमान डकैत के बेटे जिब्रान अब्दुल रहमान को पुलिस ने अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
यह कार्रवाई सोमवार को कलाकोट थाना पुलिस ने की। पुलिस के मुताबिक जिब्रान के पास से एक अवैध पिस्तौल बरामद की गई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पुष्टि की कि आरोपी, मारे जा चुके कुख्यात गैंगस्टर रहमान डकैत का बेटा है और लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय रहा है।
पुराना अपराधी, बार-बार जेल जाने के बाद भी नहीं सुधरा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिब्रान कोई नया नाम नहीं है। उसके खिलाफ 2023 और 2024 के दौरान कलाकोट थाने में दो एफआईआर पहले से दर्ज हैं। वह ड्रग तस्करी, फिरौती के लिए अपहरण और अन्य संगीन अपराधों में शामिल रहा है।
जांच में यह भी सामने आया है कि जिब्रान ल्यारी में एक नया आपराधिक गिरोह खड़ा करने की कोशिश कर रहा था। कुछ समय पहले जेल से रिहा होने के बाद भी वह दोबारा अपराध की राह पर लौट आया, जिसके बाद पुलिस ने उसकी निगरानी बढ़ाई और अंततः उसे दबोच लिया।
रहमान डकैत का खौफनाक अतीत
रहमान डकैत कराची के ल्यारी इलाके में गैंग वॉर का सबसे बड़ा चेहरा रहा है। उस पर 80 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे और वर्षों तक उसने पूरे इलाके में खौफ कायम रखा।
2009 में कराची पुलिस ने एक बड़े ऑपरेशन में रहमान डकैत और उसके तीन साथियों को मार गिराया था। हालांकि उसकी मौत के बाद भी उसके परिवार और करीबियों का नाम अपराध की दुनिया से जुड़ता रहा।
2024 में रहमान डकैत के एक अन्य बेटे को भी कथित पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया था। अब जिब्रान की गिरफ्तारी ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या ल्यारी में गैंग वॉर का साया पूरी तरह खत्म हो पाया है या नहीं।
