छत्तीसगढ़ में सोमवार की रात श्रद्धालुओं के लिए मातम बनकर आई। रायगढ़ से बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी (बनारस) जा रही एक यात्री बस को गंगापुर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक विशाल पेड़ से जा टकराई। ईस भयावह हादसे में 15 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक यात्री ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
तमनार–रायगढ़ से रवाना हुए श्रद्धालुओं को अंदेशा भी नहीं था कि उनकी धार्मिक यात्रा इस तरह हादसे में बदल जाएगी। चश्मदीदों के अनुसार, रात के सन्नाटे को चीरती टक्कर की आवाज़ इतनी तेज थी कि आसपास के लोग सहम गए। बस के पेड़ से टकराते ही अंदर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही लटोरी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ट्रक की तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और आगे की जांच जारी है।
