मिश्रा बंधुओं ने लगाई चौके-छक्के की झड़ी, लगाया टूर्नामेंट का पहला शतक…प्रेस इलेवन स्टार ने सीनियर संयुक्त इलेवन को 28 रन से हराया

मिश्रा बंधुओं ने लगाई चौके-छक्के की झड़ी, लगाया टूर्नामेंट का पहला शतक
0 प्रेस इलेवन स्टार ने सीनियर संयुक्त इलेवन को 28 रन से हराया
0 रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ईः स्व. कुलदीप निगम स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट

रायपुर 03 जनवरी 2026 : रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई के तहत स्व. कुलदीप निगम स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले ही मैच में खूब चौके-छक्के लगे। नेताजी सुभाष स्टेडियम में सोमवार को खेले गए मैच में मिश्रा बंधुओं ने जबदरस्त प्रदर्शन करते हुए चौके-छक्के की झड़ी लगा दी और टूर्नामेंट का पहला शतक लगाया। मैच में प्रेस इलेवन स्टार ने सीनियर संयुक्त इलेवन को 28 रन से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।

सीनियर संयुक्त इलेवन ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। प्रेस इलेवन स्टार ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में एक विकेट पर 189 रन बनाए। मैच शुरू होते ही प्रेस इलेवन स्टार के सलामी बल्लेबाज प्रमोद मिश्रा व रविशंकर शर्मा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी शुरू कर दी। प्रमोद मिश्रा हर तरफ से गेंद को बाउंड्री पार भेजते रहे। उसे रोकने में सीनियर संयुक्त इलेवन का कोई भी गेंदबाज सफल नहीं रहा। प्रमोद ने 39 गेंदों में 14 चौके व 11 छक्कों की मदद से 135 रन बनाकर टूर्नामेंट का पहला शतक जड़ा। वहीं दूसरे छोर पर रविशंकर ने भी प्रमोद का साथ देते हुए 4 चौके व 4 छक्के जड़कर 20 गेंदों में 44 रनों की पारी खेली। दोनों खिलाड़ियों ने 179 रनों की शतकीय साझेदारी की। सीनियर संयुक्त इलेवन की ओर से शरणजीत सिंह तेतरी ने रविशंकर को बोल्ड कर पैवेलियन भेजा। सीनियर संयुक्त इलेवन की ओर से चमन प्रकाश सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए। उन्होंने एक ओवर में 33 रन दिए।

जवाब में सीनियर संयुक्त इलेवन ने भी 190 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए तेज शुरूआत की। टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज योगेश मिश्रा ने जबदरस्त बल्लेबाजी करते हुए चौके-छक्के की झड़ी लगा दी। योगेश ने 5 चौके व 16 छक्के की मदद से 37 गेंदों में शानदार 128 रनों की शतकीय पारी खेली। ताबड़तोड़ पारी खेल रहे योगेश को अमृतेश्वर सिंह ने कैच आउट कर पैवेलियन भेजकर सीनियर संयुक्त इलेवन की जीत की उम्मीद तोड़ दी। योगेश के अलावा सीनियर संयुक्त इलेवन की ओर से पलाश तिवारी ने 13 व सुनील वर्मा ने 7 रन बनाए। इस तरह सीनियर संयुक्त इलेवन की टीम निर्धारित10 ओवर में 5 विकेट पर 161 रन ही बना सकी। वहीं प्रेस इलेवन की ओर से अमृतेश्वर सिंह व अभिषेक सिंह ने दो-दो विकेट लिए, जबकि रविशंकर को एक विकेट लेने में सफलता मिली।
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि अपेक्स बैंक के अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता व वरिष्ठ पत्रकार शंकर पांडेय ने प्रेस इलेवन स्टार के प्रमोद मिश्रा को मैन आफ द मैच से पुरस्कृत किया। इस मौके पर रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव भूपेश जांगड़े समेत प्रेस क्लब के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद थे।

कल मंगलवार 3 फरवरी को हांका प्रेस इलेवन और छत्तीसगढ़ वाच की टीमों का मुकाबला होगा । मैच के दौरान मंच पर मुख्यातिथि के रूप में उत्तर विधानसभा के विधायक पुरंदर मिश्रा और विशेष अतिथि आईबीसी 24 के प्रमुख रविकांत मित्तल उपस्थित रहेंगे ।