आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने इतिहास रच दिया है। वैभव सूर्यवंशी के विस्फोटक शतक की बदौलत भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ 50 ओवरों में 9 विकेट खोकर 411 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह पहली बार है जब किसी टीम ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में 400 रन का आंकड़ा पार किया है।
भारतीय पारी के हीरो रहे वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाज़ी से इंग्लिश गेंदबाज़ों की धज्जियां उड़ा दीं। वैभव ने महज़ 80 गेंदों में 175 रन ठोक दिए। उनकी इस तूफानी पारी में 15 चौके और 15 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। यह शतक अंडर-19 वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक भी रहा।
वैभव के अलावा आयुष म्हात्रे ने भी अहम योगदान दिया। उन्होंने 51 गेंदों पर 53 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। अंतिम ओवरों में अभिज्ञान कुंडू ने तेज़ तर्रार बल्लेबाज़ी करते हुए 31 गेंदों पर 40 रन बनाए। उनकी पारी में 6 चौके और 1 छक्का देखने को मिला।
भारतीय बल्लेबाज़ों की इस आक्रामक प्रदर्शन के सामने इंग्लैंड के गेंदबाज़ पूरी तरह बेबस नज़र आए। अब इंग्लैंड को खिताब जीतने के लिए अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल का सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल करना होगा।
भारतीय टीम के इस ऐतिहासिक स्कोर ने फाइनल मुकाबले को और भी रोमांचक बना दिया है, वहीं देशभर के क्रिकेट प्रशंसकों की निगाहें अब इंग्लैंड की जवाबी पारी पर टिकी हैं।
