बिलासपुर और जांजगीर-चांपा में कारोबारियों के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिलों में कोल कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों पर आयकर विभाग (IT) की टीम ने एक साथ छापेमारी की। बिलासपुर में फिल ग्रुप के फैक्ट्री, कार्यालय और आवासीय ठिकानों पर कार्रवाई की गई, जबकि जांजगीर-चांपा में तिरुपति मिनरल्स के कार्यालय में आयकर विभाग की टीम ने दबिश दी।
जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की टीम SIR (सर्वे/इंस्पेक्शन रिपोर्ट) के तहत कार्रवाई कर रही है। टीम की गाड़ियों पर SIR के स्टीकर भी लगाए गए थे। बिलासपुर में फिलहाल श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित कार्यालय और रामा वर्ल्ड स्थित निवास में दस्तावेजों और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान टीम ने कई महत्वपूर्ण कागजात, अकाउंट बुक्स और डिजिटल रिकॉर्ड खंगाले हैं। फिल ग्रुप के मालिक प्रवीण झा बताए जा रहे हैं। आयकर विभाग के अधिकारी वित्तीय लेन-देन, आय-व्यय और टैक्स रिटर्न से जुड़े रिकॉर्ड का मिलान कर रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कोल वाशरी में बड़े पैमाने पर कोल मिक्सिंग के साथ-साथ टैक्स में हेराफेरी किए जाने की आशंका है। कारोबारी आय के अनुपात में कम टैक्स भुगतान कर रहे थे, जिसे लेकर लंबे समय से संदेह जताया जा रहा था।
वहीं, जांजगीर-चांपा जिले में तिरुपति मिनरल्स के कार्यालय में भी आयकर विभाग की टीम द्वारा दस्तावेजों की जांच की जा रही है। हालांकि, जांच के लिए पहुंचे अधिकारी फिलहाल इस पूरे मामले में कोई आधिकारिक बयान देने से बच रहे हैं।
आयकर विभाग की यह कार्रवाई अभी जारी है। जांच पूरी होने के बाद टैक्स चोरी और अनियमितताओं को लेकर बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।