IND VS PAK… ईशान किशन के तूफान में उड़ा पाकिस्तान, भारत ने 61 रन से रचा जीत का इतिहास

रविवार को श्रीलंका की राजधानी कोलंबो पूरी तरह भारतमय नजर आई। आर. प्रेमदासा स्टेडियम से लेकर सड़कों और होटलों तक हर जगह नीली जर्सी में भारतीय क्रिकेट फैंस दिखाई दिए। नीले आसमान के नीचे भारतीय समर्थक अपनी टीम का उत्साह बढ़ाने पहुंचे और टीम इंडिया ने भी फैंस को निराश नहीं किया।

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में एक बार फिर शिकस्त दी। पाकिस्तान की रणनीति युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को रोकने की थी, लेकिन ईशान किशन उनके लिए पूरी तरह ‘आउट ऑफ सिलेबस’ साबित हुए।
कभी अपनी तेज गेंदबाजी के लिए मशहूर रही पाकिस्तानी टीम ने प्रेमदासा स्टेडियम की ट्रिकी पिच पर भारतीय बल्लेबाजों को रोकने के लिए छह स्पिनरों का इस्तेमाल किया। हालांकि ईशान किशन ने अकेले दम पर पाकिस्तानी गेंदबाजों का डटकर सामना किया और तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की।
ईशान किशन ने अपने करियर का चौथा अर्धशतक जड़ते हुए भारत को 175 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई। भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को महज 18 ओवर में 114 रन पर समेट दिया।
भारत ने यह मुकाबला 61 रन से अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत दर्ज कर ली और अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।