कार से टक्कर मारकर पिस्टल और हथौड़े से हमला, CCTV में कैद हुई वारदात
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में मंगलवार रात अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए सराफा कारोबारी पर जानलेवा हमला कर 3 करोड़ 35 लाख रुपये की बड़ी लूट को अंजाम दिया। बदमाशों ने पहले कारोबारी की कार को टक्कर मारी, फिर विवाद के बहाने पिस्टल तानकर हथौड़े से सिर पर हमला कर दिया। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
2.2 किलो सोना और कैश लूटकर फरार
घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। राजकिशोर नगर निवासी सराफा कारोबारी संतोष तिवारी की राजकिशोर नगर वसंत विहार चौक में महालक्ष्मी ज्वेलरी नाम से दुकान है। वे रोजाना की तरह मंगलवार रात करीब 8:30 बजे दुकान बंद कर कार से सोने के जेवर लेकर घर लौट रहे थे।
इसी दौरान बीएसएनएल ऑफिस गली के तिराहे पर एक सफेद रंग की कार (CG-10-BJ-8147) ने उनकी कार को जानबूझकर टक्कर मार दी। टक्कर के बाद जब कारोबारी कार से बाहर निकले, तभी कार सवार बदमाशों ने विवाद शुरू कर दिया।
पिस्टल की मैगजीन गिरी, फिर हथौड़े से हमला
विवाद के दौरान बदमाशों ने पिस्टल निकाल ली। इसी बीच बाइक सवार उनके अन्य साथी भी मौके पर पहुंच गए। झूमाझटकी में पिस्टल की मैगजीन नीचे गिर गई, जिसके बाद बदमाशों ने पिस्टल के बट और हथौड़े से कारोबारी के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए।
हमले में संतोष तिवारी गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हो गए। बदमाश उनकी कार समेत 2 किलो 200 ग्राम सोना, 3 लाख 50 हजार नकद, कुल 3 करोड़ 35 लाख रुपये का माल लूटकर फरार हो गए।
घायल हालत में थाने पहुंचे कारोबारी
घायल कारोबारी किसी तरह दौड़ते हुए अपने घर पहुंचे और साले के साथ सरकंडा थाना जाकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
CCTV फुटेज आया सामने
घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बदमाशों को कारोबारी पर हमला करते साफ देखा जा सकता है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और रूट ट्रेस करना शुरू कर दिया है।
IG मौके पर पहुंचे, शहर हाई अलर्ट
घटना की गंभीरता को देखते हुए रामगोपाल गर्ग खुद घटनास्थल पर पहुंचे। उनके निर्देश पर इलाके को सील कर फोरेंसिक टीम, सर्च डॉग और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से जांच की गई।
एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने बताया कि शहर के सभी एग्जिट पॉइंट्स पर नाकेबंदी कर दी गई है। जिले के साथ-साथ पड़ोसी जिलों में भी अलर्ट जारी कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
पुलिस का दावा – जल्द होंगे आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह पूरी वारदात पूर्व नियोजित लग रही है। लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
