टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण में भारतीय टीम अपने पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका से भिड़ेगी। यह हाई-वोल्टेज मैच रविवार, 22 फरवरी को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। टूर्नामेंट में अब तक दोनों ही टीमें अजेय रही हैं, ऐसे में इस मुकाबले में किसी एक टीम का विजयरथ थमना तय माना जा रहा है।
सुपर-8 के पहले मैच से पहले भारतीय टीम की संभावित प्लेइंग-11 को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि टीम मैनेजमेंट इस अहम मुकाबले में कुछ बड़े बदलाव कर सकता है। खासतौर पर सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की फॉर्म ने टीम इंडिया की चिंता बढ़ा दी है।
अभिषेक शर्मा ने इस टूर्नामेंट में अब तक 3 मैच खेले हैं, लेकिन तीनों मुकाबलों में वह खाता खोले बिना पवेलियन लौटे हैं। सुपर-8 जैसे अहम चरण से पहले उनका यह प्रदर्शन टीम संयोजन पर असर डाल सकता है और उनकी जगह को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
हालांकि, भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने अभिषेक के समर्थन में बयान दिया है। मोर्केल ने साफ कहा कि टीम के भीतर अभी तक अभिषेक शर्मा के खराब प्रदर्शन को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। उनके मुताबिक अभिषेक को सिर्फ एक अच्छी शुरुआत की जरूरत है, जिसके बाद वह अपनी लय में लौट सकते हैं।
दूसरी ओर ईशान किशन शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि सुपर-8 के इस अहम मुकाबले में अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ही पारी की शुरुआत कर सकते हैं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या टीम इंडिया भरोसा बनाए रखती है या फिर सुपर-8 के पहले मुकाबले में प्लेइंग-11 में बड़ा प्रयोग देखने को मिलता है।
