भीषण सड़क हादसा: पीसीआर वैन को टिपर ने मारी टक्कर, 5 पुलिसकर्मियों की मौत

ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। सदर पुलिस स्टेशन के सामने हुई इस घटना में ड्यूटी पर तैनात पांच पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे जिले में शोक की लहर फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक पीसीआर वैन को तेज रफ्तार टिपर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में तीन अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी समेत ओडिशा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल टिपर को जब्त कर लिया है, जबकि चालक को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने मृतक पुलिसकर्मियों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।