दुर्ग। दुर्ग जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के समापन के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी मान्यता प्राप्त दलों को अंतिम मतदाता सूची की प्रतियां सौंपी गईं।
1 जनवरी 2026 अर्हता तिथि, चार माह चला अभियान
1 जनवरी 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए तैयार की गई इस अंतिम सूची में दुर्ग जिला में कुल 12,35,230 मतदाता दर्ज किए गए हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण से पहले जिले में कुल 14,52,509 मतदाता पंजीकृत थे।
अभियान के दौरान मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित और दोहरी प्रविष्टियों के 2,49,065 नाम हटाए गए, जिससे मतदाताओं की संख्या घटकर 12,03,444 रह गई। इसके बाद 31,786 नए मतदाता जोड़े गए, और अंतिम प्रकाशन के बाद कुल संख्या 12,35,230 पर पहुंची।
1,520 बीएलओ ने किया घर-घर सर्वे
चार माह तक चले अभियान में 1,520 बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित किए। कुल 14,52,509 मतदाताओं का मिलान व मैपिंग की गई, जबकि 12,03,444 गणना प्रपत्रों का पूर्ण डिजिटलीकरण किया गया।
ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद जिले में 31,786 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि दर्ज हुई। छह विधानसभा क्षेत्रों में कुल 11,35,061 मतदाता दर्ज किए गए, जो ड्राफ्ट सूची की तुलना में 2.80% वृद्धि दर्शाते हैं।
भिलाई नगर और वैशाली नगर में सबसे ज्यादा बढ़े वोटर
पुनरीक्षण के बाद भिलाई नगर (4.94%) और वैशाली नगर (4.31%) में मतदाताओं की संख्या में सबसे अधिक वृद्धि दर्ज की गई। अकेले वैशाली नगर में 8 हजार से अधिक नए मतदाता जुड़े हैं।
विधानसभा क्षेत्रवार अंतिम मतदाता संख्या
पाटन : 2,05,556
दुर्ग ग्रामीण : 1,95,368
दुर्ग शहर : 1,93,311
भिलाई नगर : 1,27,023
वैशाली नगर : 2,09,545
अहिवारा : 2,04,258
दावे-आपत्तियों का निराकरण पूरा
दावे एवं आपत्तियां 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 के बीच प्राप्त हुई थीं, जिनका निराकरण 14 फरवरी 2026 तक कर लिया गया। जिन मतदाताओं के गणना फॉर्म वापस नहीं आए थे, उनकी सूची विधानसभा क्षेत्रवार जिला प्रशासन की वेबसाइट पर प्रकाशित की गई थी।
ऐसे करें अपना नाम जांच
मतदाता अपनी जानकारी निम्न माध्यमों से देख सकते हैं—
जिला प्रशासन की वेबसाइट: https://durg.gov.in�
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ की वेबसाइट: https://ceochhattisgarh.nic.in�
जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम, पता और अन्य विवरण अवश्य जांच लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
