संजू पैकरा/बलौदाबाजार
गुरुगद्दी में मत्था टेककर लिया आशीर्वाद, श्रद्धालुओं को स्वयं परोसा प्रसाद
बलौदाबाजार। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास जी की तपोभूमि गिरौदपुरी धाम पहुंचकर गुरुगद्दी में मत्था टेक आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए विशेष प्रार्थना की। मुख्यमंत्री के आगमन से धाम परिसर में उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत सुबह पहुंचे मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना कर संत बाबा गुरु घासीदास जी के चरणों में शीश नवाया। गुरुगद्दी में दर्शन के पश्चात उन्होंने प्रदेशवासियों के कल्याण और विकास के लिए कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गिरौदपुरी धाम आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां आकर उन्हें आध्यात्मिक ऊर्जा की अनुभूति होती है।
श्रद्धालुओं को खिलाया प्रसाद
दर्शन उपरांत मुख्यमंत्री मेले में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे और स्वयं प्रसाद वितरित किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में लोगों ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
पहले दिन उमड़ी भारी भीड़
गिरौदपुरी धाम में आयोजित वार्षिक मेले के पहले ही दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा पड़ोसी राज्यों से भी श्रद्धालु दर्शन के लिए आए हैं। मेले में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का माहौल बना हुआ है। प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात, पेयजल एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की गई है।
होली पर ड्राई डे रहेगा यथावत
मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट किया कि होली पर्व पर ड्राई डे को निरस्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, “ड्राई डे रहेगा ही”, शासन के निर्णय के अनुरूप नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह सतर्क रहा। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की।
गौरतलब है कि गिरौदपुरी धाम छत्तीसगढ़ की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखा गया।
