राजधानी के कश्मीरी गेट में कार पर फायरिंग, Deepak Khatri सहित 5 सवार; एक घायल…. आखिर कौन है दीपक खत्री

राजधानी दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में मंगलवार देर रात कार पर फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई। कार में पांच लोग सवार थे, जिनमें से एक युवक घायल हो गया। घायल की हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, कार में मौजूद एक व्यक्ति वकील दीपक खत्री हैं, जो खुद को गैंगस्टर Lawrence Bishnoi की लीगल टीम का हिस्सा बता रहे हैं। हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में उन्हें बिश्नोई का वकील भी बताया गया है। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मंदिर से लौटते समय हुई फायरिंग

कार में सवार एक व्यक्ति ने बताया कि रात करीब 10:15 बजे वे एक मंदिर से निकलकर कार में बैठे ही थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी।

“हम पर तीन गोलियां चलाई गईं। जब पीछे का शीशा टूटा, तब हमें एहसास हुआ कि फायरिंग हो रही है। मेरे दोस्त संदीप की पीठ में गोली लगी। हम तुरंत गाड़ी तेज़ी से भगाकर वहां से निकले,” — प्रत्यक्षदर्शी

बताया जा रहा है कि दो से तीन हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने दर्ज किया केस

पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटना के पीछे की वजह और संभावित गैंग एंगल को लेकर जांच जारी है।

राजधानी के व्यस्त इलाके में हुई इस फायरिंग की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में विशेष टीम गठित कर दी गई है।