बिलासपुर में भीषण सड़क हादसा: रायपुर-रतनपुर हाईवे पर ट्रेलर-स्कॉर्पियो की टक्कर, 4 की मौत, 1 गंभीर

हाईवे पर ट्रेलर-स्कॉर्पियो की टक्कर, 4 की मौत, 1 गंभीर

बिलासपुर। बिलासपुर में रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा के सामने गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रॉन्ग साइड में पहुंचा ट्रेलर, हुई सीधी भिड़ंत

प्राप्त जानकारी के अनुसार रात करीब 2 बजे ट्रेलर (CG 11 BD 9044) सकरी-रतनपुर की ओर से रायपुर जा रहा था। इसी दौरान ट्रेलर अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में पहुंच गया और सामने से आ रही स्कॉर्पियो (CG 04 MQ 4220) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर पास में खड़े एक अन्य ट्रेलर को भी चपेट में लेते हुए पलट गया।

स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही सकरी पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा।

गैस कटर से निकाले गए शव

वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लेना पड़ा। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी। एक घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे थे सभी

बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में सवार पांचों लोग यादव ढाबा में आयोजित एक पारिवारिक शादी की 25वीं सालगिरह के कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। कार्यक्रम स्थल से कुछ ही दूरी पर यह हादसा हो गया, जिससे खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रेलर चालक की लापरवाही सामने आ रही है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य किया गया।