अलीगढ़/ग्रेटर नोएडा। भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का निधन हो गया है। उन्होंने ग्रेटर नोएडा स्थित यथार्थ हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। वह स्टेज-4 लिवर कैंसर से पीड़ित थे और पिछले कुछ समय से उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई थी। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
परिवार के अनुसार खानचंद सिंह का अंतिम संस्कार अलीगढ़ में किया जाएगा। उनका पार्थिव शरीर क्वारसी स्थित ओजोन कॉलोनी के आवास पर लाया गया है, जहां शुभचिंतकों और रिश्तेदारों का पहुंचना जारी है। रिंकू सिंह भी अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए घर पहुंच रहे हैं और दोपहर तक उनके अलीगढ़ पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
पहले भी पिता की तबीयत के चलते लौटे थे घर
रिंकू सिंह मौजूदा समय में भारतीय टी20 विश्वकप टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले भी जब उनके पिता की हालत गंभीर होने की सूचना मिली थी, तब उन्हें टीम इंडिया का साथ छोड़कर तुरंत घर लौटना पड़ा था। टी20 विश्वकप के दौरान एमए चिदंबरम स्टेडियम में आयोजित अभ्यास सत्र में वह हिस्सा नहीं ले पाए थे, जबकि अन्य खिलाड़ी मैदान पर अभ्यास कर रहे थे।
बाद में स्पष्ट हुआ था कि पिता की नाजुक स्थिति के कारण ही उन्हें स्वदेश लौटना पड़ा। हाल ही में टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी थी कि रिंकू अपने पिता की अस्वस्थता के कारण घर गए हैं और उनके जल्द टीम से जुड़ने की उम्मीद है।
विश्वकप में भागीदारी पर संशय
अब पिता के निधन के बाद रिंकू सिंह आगामी विश्वकप मुकाबलों में हिस्सा ले पाएंगे या नहीं, इसे लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। क्रिकेट जगत और प्रशंसकों ने इस दुखद घड़ी में रिंकू और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
यह खबर खेल जगत के लिए बेहद भावुक क्षण लेकर आई है, जहां एक ओर देश के लिए खेलने की जिम्मेदारी है, वहीं दूसरी ओर परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है।
