संजू पैकरा/बलौदाबाजार
बलौदाबाजार। जिले के अर्जुनी वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरेली और सुकली में वन विभाग ने अवैध लकड़ी कटाई और फर्नीचर निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर की गई दबिश में सागौन की कीमती लकड़ियों का जखीरा और उससे तैयार फर्नीचर बरामद किया गया।
वन विभाग को लंबे समय से जंगलों से इमारती लकड़ी की अवैध कटाई और चोरी-छिपे फर्नीचर निर्माण की शिकायतें मिल रही थीं। पुख्ता सूचना मिलने के बाद टीम ने छापा मार कार्रवाई करते हुए चिरान लकड़ी, दर्जनों तख्ते, दरवाजों के पल्ले और खिड़की की फ्रेम जब्त की है।
सागौन की लकड़ी होती है महंगी
सागौन की लकड़ी बाजार में काफी महंगी और टिकाऊ मानी जाती है। इसकी अवैध कटाई से वन संपदा को भारी नुकसान होता है और पर्यावरण संतुलन भी प्रभावित होता है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वनों से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जनसहभागिता की अपील
वनमंडल ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध कटाई, परिवहन या लकड़ी से फर्नीचर निर्माण की गतिविधि दिखे तो तत्काल सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। विभाग ने कहा है कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
