संजू पैकरा/बलौदाबाजार
बलौदाबाजार: सोने के टॉप्स चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार, 19 हजार का सामान बरामद
बलौदाबाजार। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने सोने के जेवर चोरी के मामले में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया है। पुलिस को इस प्रकरण में शत-प्रतिशत बरामदगी की सफलता मिली है।
मामले के अनुसार, 28 फरवरी 2026 को प्रार्थिया कालिंद्री चेलक, निवासी भैंसापसरा बलौदाबाजार ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 18 फरवरी 2026 की सुबह लगभग 7 बजे नहाने से पहले उन्होंने अपने सोने के टॉप्स निकालकर पर्स में रखे थे। शाम करीब 6 बजे पहनने के लिए देखा तो पर्स से टॉप्स गायब थे, जिन्हें किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया था।

रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 169/2026 धारा 331(3), 305 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
भावना गुप्ता के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने जांच के दौरान प्रार्थिया के घर आने-जाने वाले लोगों से विस्तृत पूछताछ की। संदेह के आधार पर संगीता चेलक उर्फ मुंडी (37 वर्ष), निवासी ग्राम अमेरा थाना पलारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी महिला ने सोने के टॉप्स चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 19,040 रुपये मूल्य के 02 नग सोने के टॉप्स बरामद किए हैं। आरोपी को 28 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
