संजू पैकरा/बलौदाबाजार
समाधान सेल की सूचना पर दो बदमाश गिरफ्तार, चाकू लहराकर लोगों को कर रहे थे आतंकित
भाटापारा। पुलिस थाना भाटापारा शहर क्षेत्र में समाधान सेल में मिली सूचना के आधार पर चाकू दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से दो धारदार चाकू जप्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में आमजनों की शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से जिले में “समाधान सेल” की शुरुआत की गई है। समाधान सेल हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर कॉल अथवा व्हाट्सएप के माध्यम से किसी भी प्रकार की सूचना, शिकायत या आपराधिक गतिविधि की जानकारी दी जा सकती है। इस पहल से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ में लगातार सफलता मिल रही है।
इसी क्रम में दिनांक 28 फरवरी 2026 को समाधान सेल में सूचना प्राप्त हुई कि सिद्ध बाबा शराब भट्टी भाटापारा के पास दो युवक चाकू दिखाकर आने-जाने वाले लोगों को डरा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना भाटापारा शहर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान चंद्रकांत यादव (19 वर्ष) निवासी के.के. वार्ड भाटापारा तथा राहुल कुमार बंछोर (21 वर्ष) निवासी के.के. वार्ड भाटापारा के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से दो धारदार चाकू बरामद किए गए।
आरोपियों के विरुद्ध थाना भाटापारा शहर में अपराध क्रमांक 10/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया है तथा उन्हें माननीय न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल समाधान सेल को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
