समाधान सेल की सूचना पर गिधपुरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 33 पाव देशी शराब और पल्सर बाइक सहित आरोपी गिरफ्तार

संजू पैकरा/बलौदाबाजार

गिधपुरी, 03 मार्च 2026। पुलिस थाना गिधपुरी क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक शराब कोचिया को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिले में पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में संचालित “समाधान सेल” के माध्यम से प्राप्त सूचना के आधार पर की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 03 मार्च 2026 को “समाधान सेल” में सूचना मिली कि ग्राम जुनवानी तिराहा में अवैध रूप से शराब बिक्री के लिए परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना गिधपुरी पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹3300 कीमत की 33 पाव देशी मसाला शराब जब्त की है। साथ ही अवैध शराब परिवहन में प्रयुक्त एक पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

 

गिरफ्तार आरोपी का नाम राकी धृतलहरे (24 वर्ष) निवासी ग्राम गबौद थाना पलारी बताया गया है। आरोपी के विरुद्ध थाना गिधपुरी में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की गई है।

 

पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की शिकायत, सूचना अथवा आपराधिक गतिविधि की जानकारी “समाधान सेल” हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर व्हाट्सएप अथवा कॉल के माध्यम से दें। “समाधान सेल” के जरिए अपराधियों की धरपकड़ में लगातार सफलता मिल रही है।