संजू पैकरा/बलौदाबाजार
जयपुर से संचालित इंस्टाग्राम साइबर ठगी रैकेट का भंडाफोड़, तरेंगा की युवती से ₹6.25 लाख की ठगी
भाटापारा। थाना भाटापारा ग्रामीण एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने इंस्टाग्राम के माध्यम से साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर सस्ते दर पर महिलाओं के कपड़े बेचने का झांसा देकर देशभर में ठगी की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम तरेंगा निवासी भुवनेश्वरी साहू ने 16 फरवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12 जनवरी 2026 को इंस्टाग्राम पर सस्ते कपड़ों का विज्ञापन देखकर उन्होंने कुर्ती खरीदने के लिए ₹1600 का भुगतान क्यूआर कोड के माध्यम से किया। इसके बाद आरोपियों ने रिफंड, बिलिंग चार्ज, जीएसटी, डिलीवरी चार्ज आदि का बहाना बनाकर अलग-अलग किश्तों में कुल ₹6,25,239 की राशि जमा करा ली, लेकिन न तो सामान भेजा गया और न ही रकम लौटाई गई।

मामले में थाना भाटापारा ग्रामीण में अपराध क्रमांक 83/2026 धारा 318(4) बीएनएस एवं 66(डी) आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देश पर साइबर सेल की तकनीकी टीम ने इंस्टाग्राम आईडी और पेमेंट में उपयोग किए गए क्यूआर कोड का विश्लेषण किया, जिसमें आरोपियों के जयपुर, राजस्थान से रैकेट संचालित करने की जानकारी मिली।
इसके बाद संयुक्त पुलिस टीम ने जयपुर में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम रामकिशोर मीणा (25 वर्ष) एवं रविंदर मीणा (26 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम गोकुलपुरा, तहसील बस्सी, जिला जयपुर (राजस्थान) हैं। पूछताछ में आरोपियों ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी के जरिए महिलाओं को सस्ते कपड़े, लहंगे और सूट उपलब्ध कराने का झांसा देकर ठगी करना स्वीकार किया।
ठगी का तरीका
आरोपी इंस्टाग्राम पर प्रमोशनल एड के जरिए यूजर्स को कम कीमत पर कपड़े बेचने का ऑफर देते थे। कैश ऑन डिलीवरी की सुविधा नहीं होने की बात कहकर क्यूआर कोड से पेमेंट कराया जाता था। इसके बाद बिलिंग, जीएसटी, डिलीवरी, रिफंड आदि के नाम पर अतिरिक्त रकम वसूली जाती थी। संपर्क होने पर व्हाट्सएप चैट के माध्यम से पीड़ितों को अपने झांसे में लिया जाता था।
जांच में सामने आया है कि आरोपियों के खिलाफ देश के 17 राज्यों में इसी पैटर्न पर साइबर ठगी के 181 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और एक स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया है।
दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस रैकेट से जुड़े अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
