VIDEO अनोखी होली… अंगारों पर चलकर होली की शुरुआत करते है इस गांव के लोग, अटूट विश्वास और आस्था से जुड़ा हुआ है इतिहास…

संजू पैकरा/बलौदाबाजार- जिले के विकासखंड कसडोल अंतर्गत ग्राम पंचायत चिखली में होली का त्योहार अनोखे अंदाज में मनाया गया। गांव के लोगों ने होलिका दहन के बाद जलते अंगारों पर चलकर अपनी परंपरा का निर्वहन किया।

गांव में वर्षों से चली आ रही यह परंपरा आज भी जीवित है। होलिका दहन के बाद जब आग अंगारों में बदल जाती है, तब गांव के पुरुष श्रद्धा और विश्वास के साथ नंगे पांव अंगारों पर चलते हैं। ग्रामीणों की मान्यता है कि ऐसा करने से गांव में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है।

 

इस दौरान गांव के बुजुर्ग और युवा भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरा वातावरण भक्ति और उत्साह से भर गया। ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ होली का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मनाया गया।

चिखली गांव में होली मनाने के इस अनोखे तरीके को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी लोग पहुंचे। गांव के बुजुर्गों ने बताया कि यह परंपरा पीढ़ी दर पीढ़ी चली आ रही है, जिसे आज की युवा पीढ़ी भी पूरी आस्था के साथ आगे बढ़ा रही है।