संस्थागत प्रसव में कमजोर प्रदर्शन पर सिमगा, पलारी और कसडोल के बीएमओ को नोटिस

संजू पैकरा/बलौदाबाजार 6 मार्च 2026

अस्पतालों में बेहतर सुविधा और मरीजों से अच्छा व्यवहार हो – कलेक्टर

बलौदाबाजार, 5 मार्च 2026। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में अस्पतालों में सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और मरीजों के साथ सकारात्मक व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में संस्थागत प्रसव में कमजोर प्रदर्शन पर सिमगा, पलारी और कसडोल के बीएमओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि बीएमओ नियमित रूप से फील्ड विजिट करें और अस्पतालों में कमियों को दूर करने के लिए विशेष रणनीति बनाएं।

उन्होंने कहा कि अस्पताल केवल रिफरल सेंटर न बनें, बल्कि जरूरी इलाज वहीं उपलब्ध कराया जाए। अत्यधिक आवश्यक होने पर ही मरीजों को उच्च स्तरीय अस्पतालों में रिफर किया जाए।

कलेक्टर ने कुष्ठ उन्मूलन, एनीमिया उन्मूलन, टीबी मुक्त भारत, संस्थागत प्रसव, स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण और आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाओं की समीक्षा करते हुए हर माह विभागीय समीक्षा बैठक लेने की बात कही।

उन्होंने बारिश से पहले अस्पतालों में सर्पदंश के इलाज के लिए एंटीवेनम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में सीएमएचओ डॉ. राजेश कुमार अवस्थी, सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।