(मानस साहू)
बलौदाबाजार/कसडोल।
कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा कसडोल क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं और कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की गई, जिसमें कई प्रकार की लापरवाही सामने आई।
निरीक्षण में अस्पताल परिसर में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं में कमी पाए जाने के साथ ही कुछ कर्मचारियों के कार्य में ढिलाई बरतने की बात भी सामने आई। मामले को गंभीरता से लेते हुए ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ) कसडोल ने संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
जिन कर्मचारियों को स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया गया है, उनमें श्री शोभित पैकरा (सहायक ग्रेड-02), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसडोल, डॉ. राकेश प्रधान (शल्य चिकित्सक), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बारनवापारा, डॉ. वंदना भेले (स्त्री रोग विशेषज्ञ), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसडोल तथा श्री नारायण सिंह वर्मा (सहायक ग्रेड-02) शामिल हैं।
बीएमओ द्वारा जारी पत्र में सभी संबंधित कर्मचारियों को तीन दिवस के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि अस्पतालों में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण और निगरानी लगातार जारी रहेगी तथा लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
