संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार छत्तीसगढ़ के 7 युवाओं ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल कर राज्य का नाम रोशन किया है। चयनित उम्मीदवारों में रायपुर, बलरामपुर, रायगढ़ और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के युवा शामिल हैं।
रायपुर के गुढ़ियारी की रहने वाली वैभवी अग्रवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 35वीं रैंक हासिल की है। यह उनका तीसरा प्रयास था और आखिरकार उन्होंने सफलता हासिल कर ली। वहीं रायपुर के ही रौनक अग्रवाल और संजय डहरिया भी इस परीक्षा में चयनित हुए हैं।
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के जनकपुर की दर्शना सिंह बघेल ने अपने दूसरे प्रयास में 383वीं रैंक हासिल की है। इस रैंक के साथ उनका चयन भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए हुआ है। वैभवी अग्रवाल और दर्शना सिंह बघेल दोनों का शैक्षणिक बैकग्राउंड इंजीनियरिंग का है।
इसके अलावा धमतरी जिले के डीएसपी डायमंड सिंह ने भी इस परीक्षा में सफलता हासिल करते हुए 623वीं रैंक प्राप्त की है। वे छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस सेवा के 2024 बैच के अधिकारी हैं।
रायगढ़ जिले के संबलपुरी निवासी अजय गुप्ता ने 452वीं रैंक हासिल की है, जबकि बलरामपुर के विपुल गुप्ता ने 103वीं रैंक प्राप्त कर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है।
UPSC सिविल सेवा परीक्षा देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में से एक मानी जाती है। हर साल लाखों उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल होते हैं, लेकिन कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच कुछ ही अभ्यर्थी अंतिम सूची में जगह बना पाते हैं। इस बार छत्तीसगढ़ के युवाओं की इस उपलब्धि से पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है।
